– कहा हो रहा है बड़ा स्कैम, केवल छह महीने की कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड पर थमाई जा रही नौकरी
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना से विस्थापित युवाओं का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। प्रभावित परिवारों के युवाओं ने स्थाई रोजगार की मांग को लेकर जेवर के आरआर कॉलोनी स्थित पॉकेट 5 में प्रदर्शन किया। युवाओं का आरोप है कि नौकरी देने के नाम पर बड़ा स्कैम हो रहा है। युवाओं को केवल छह महीने की कॉन्ट्रैक्ट बेस्ड नौकरी थमाई जा रही है।
प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा, ऑफर लेटर में सैलरी का जिक्र नहीं होता है। नौकरी स्वीकार करने पर 10-15 हजार के वेतन पर रखा जा रहा है। नौकरी मिलते ही विस्थापितों को विकल्प के तौर पर मिलने वाले खाते से 5 लाख रुपये कट जाते हैं। ऑफर लेटर में छह महीने बाद टर्मिनेशन का जिक्र है, यानी आधे साल बाद दोबारा सड़क पर आना तय है। हमने अपनी जमीन एयरपोर्ट के नाम पर दी, अब रोजगार के नाम पर ठगा जा रहा है। युवाओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही स्थायी नौकरी की गारंटी नहीं दी गई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।