कार्रवाई से असंतुष्ट भाकियू कार्यकर्ता मामला दर्ज कराने पर अड़े
जेवर। कोतवाली क्षेत्र की जहांगीरपुर पुलिस चौकी पर तैनात उप निरीक्षक पर भाकियू कार्यकर्ता के साथ अभद्रता के आरोप में पुलिस की जांच व कार्रवाई से पदाधिकारी संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने चौकी इंचार्ज के खिलाफ लूट सहित संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। मामले में मंगलवार को चौकी इंचार्ज विकास कुमार को लाइन हाजिर किया जा चुका है।
भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया था कि शनिवार शाम जहांगीरपुर चौकी इंचार्ज विकास कुमार ने एक कार्यकर्ता के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। इसके विरोध में कार्यकर्ताओं ने जहांगीरपुर पुलिस चौकी पर पंचायत कर ताला डालने के बाद जेवर-खुर्जा मार्ग पर जाम लगा दिया था। मामले में भाकियू पदाधिकारी संदीप नागर ने चौकी प्रभारी के खिलाफ तहरीर दी थी। मौके पर पहुंचे एसीपी शरदचंद्र शर्मा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया, लेकिन भाकियू पदाधिकारी जांच और कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि दरोगा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया तो शुक्रवार को फिर से चौकी का घेराव कर पंचायत की जाएगी।