नोएडा(संवाद)। नोएडा सेक्टर-86 स्थित ग्राम इलाहाबास में रविवार को कर्मवीर खारी के निवास पर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) का सम्मान समारोह एवं किसान गोष्ठी आयोजित हुई।
गोष्ठी के दौरान किसानों ने नोएडा विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से जुड़ी बैकलीज, आवासीय भूखंड और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्य अतिथि बलराज भाटी के सामने रखीं। भाटी ने कहा कि चाहें नोएडा प्राधिकरण हो या ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, किसानों का उत्पीड़न किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने शुक्रवार को सोरखा गांव में हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए मांग की कि जिम्मेदार पुलिसकर्मियों और अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। इसके अलावा किसान गोष्ठी के दौरान नोएडा के दर्जनभर प्रतिष्ठित किसानों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। कर्मवीर खारी को उत्तर प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में संगठन की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक रेखा सिवाल तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट ठाकुर विजय प्रताप सिंह मौजूद रहे।