पुन्हाना। उपमंडल के गांव जेहटाना में दो वॉल्व खराब होने से गंदा पानी वाटर चैंबर में जा रहा है। यह समस्या करीब एक महीने से है। लोगों ने स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर मजबूर होकर सीएम विंडो में शिकायत दी।
गांव जेहटाना निवासी डॉ. साजिद खान ने बताया कि उनके गांव को शिकरावा गांव से वाटर सप्लाई की जाती है। जहटाना में बने वाटर चैंबर के पास पाइप लाइन का वॉल्व खराब है। सप्लाई का पाइप भी खराब है। वाटर चेंबर गांव के तालाब के पास बना है। इसकी वजह से तालाब और गांव की नालियों का गंदा पानी चैंबर के अंदर जा रहा है।
यह पानी पशुओं तक को नहीं पिलाया जा सकता। गंदगी की वजह से यह काला हो गया है और इसमें बदबू आ रही है। उन्होंने बताया कि दोनो वॉल्व बदलवाने के लिए 28 अगस्त को एसडीओ रेनीवेल को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कुछ नहीं किया गया। गांव में बीमारी फैलने का खतरा बना है। उधर, इस संबंध में रेनीवेल विभाग के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि इस बारे में पता चला है। खराब वॉल्व को जल्द ठीक करा साफ पानी उपलब्ध कराया जाएगा।