सोसाइटियों में जर्जर इमारतें, प्लास्टर गिरने से बढ़ी चिंता
इमारतों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोेेएडा। हाल ही में प्लास्टर गिरने की घटना में युवक की मौत के बाद ग्रेनो वेस्ट की कई हाउसिंग सोसाइटियों के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि कई सोसाइटियों में इमारतों के कई हिस्सों में प्लास्टर उखड़ा हुआ दिखाई देता है, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हाल की घटना के बाद अब अन्य सोसाइटियों में रहने वाले लोग भी अपने घरों की स्थिति को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि इमारतों की नियमित जांच और समय पर मरम्मत होना जरूरी है, जिससे किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। ग्रेनो वेस्ट की अजनारा होम्स सोसाइटी में भी कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ने और दीवारों के हिस्से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहे हैं, जिसकी वजह से लोग परेशान हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वह अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और संबंधित प्रबंधन से आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग कर रहे हैं।वहीं इको विलेज-1 सोसाइटी के कई निवासियों ने भी इमारतों की स्थिति को लेकर चिंता जताई है। निवासियों का मानना है कि सभी आवासीय सोसाइटियों की तकनीकी जांच कराई जानी चाहिए और जहां भी मरम्मत की आवश्यकता हो, वहां जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए।
कोट्स
सोसाइटी के कई टावरों में प्लास्टर उखड़ा हुआ दिखाई देता है, जिससे निवासियों के बीच चिंता का माहौल है। -संजय शर्मा, इको विलेज-1
सोसाइटी के कई टावरों की बाहरी दीवारों पर प्लास्टर उखड़ने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। -सुरजीत कुमार, इको विलेज-1
इमारतों की मौजूदा स्थिति को देखकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर लोग परेशान हैं। लोग घर से निकलते समय ऊपर देखते हुए चलते हैं। -अनीता कुमारी, अजनारा होम्स
कई स्थानों पर प्लास्टर उखड़ा हुआ है, जिसके कारण बरसात के मौसम में रखरखाव की आवश्यकता और बढ़ जाती है। -अभिषेक कुमार, अजनारा होम्स