रिश्तेदारों को छपे कार्ड और दोस्तों-परिचितों को व्हाट्सएप से भेजे जा रहे शादी के न्योते
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
शादी के सीजन में बाजारों में पारंपरिक शादी के कार्ड की खरीदारी जारी है, लेकिन इसके साथ निमंत्रण देने का एक नया तरीका भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। अब परिवार छपे हुए कार्ड के साथ डिजिटल निमंत्रण भी तैयार करा रहे हैं। रिश्तेदारों और करीबी परिचितों को घर जाकर पारंपरिक कार्ड दिया जा रहा है, जबकि दोस्तों, सहकर्मियों और दूर रहने वाले लोगों को व्हाट्सएप पर डिजिटल कार्ड भेजे जा रहे हैं। इससे पारंपरिक परंपरा भी बनी हुई है। साथ ही, तकनीक के जरिये लोगों तक आसानी से निमंत्रण भी पहुंच रहा है।
फोटो और वीडियो के साथ तैयार हो रहे डिजिटल कार्ड
डिजिटल निमंत्रण में अब केवल शादी की तारीख और कार्यक्रम स्थल की जानकारी नहीं दी जा रही, बल्कि दूल्हा-दुल्हन के नाम, तस्वीरों और शादी की थीम के अनुसार डिजाइन तैयार कराए जा रहे हैं। वहीं, वीडियो निमंत्रण में संगीत और एनिमेशन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
एक साथ निभा रहे परंपरा और आधुनिकता
शादी के कार्ड की दुकानों पर पारंपरिक डिजाइन के साथ नए और आकर्षक विकल्प भी मौजूद हैं। कई लोग रिश्तेदारों के लिए सीमित संख्या में प्रिंटेड कार्ड छपवा रहे हैं और बाकी मेहमानों को डिजिटल निमंत्रण भेज रहे हैं।
प्रिंटेड और डिजिटल कार्ड की अनुमानित कीमत
डिजाइनर प्रिटेंड कार्ड 50 - 150 रुपये
फोटो वाला डिजिटल कार्ड 300–600 रुपये
वीडियो डिजिटल कार्ड 500–1,500 रुपये
एनिमेटेड डिजिटल कार्ड 800–2,000 रुपये