स्टेडियम में टहलते-टहलते सीने में उठा दर्द, मौत
नोएडा। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में शुक्रवार शाम टहल रहे 50 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर सेक्टर-24 थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली सेक्टर-24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि सेक्टर-48 निवासी सुभाष राणा निजी कंपनी में नौकरी करते थे। वह रोजाना की तरह शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे नोएडा स्टेडियम में टहल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। वह कुछ ही देर में संतुलन खोकर जमीन पर गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया, सुभाष की नाक से खून भी निकल रहा था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि सुभाष पहले से दिल की बीमारी से पीड़ित थे। उन्हें पहले भी हार्ट अटैक आ चुका था। वह पिछले कुछ समय से नियमित रूप से टहलने और शारीरिक गतिविधियां करने पर ध्यान दे रहे थे, ताकि खुद को स्वस्थ रख सकें। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई है।