करनाल। बारिश और मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। जिला नागरिक अस्पताल में इन दिनों बुखार और संक्रमण से ग्रस्त मरीजों की संख्या बढ़ गई है। नागरिक अस्पताल की फ्लू ओपीडी में बुखार और टाइफाइड जांच के लिए 25 से 30 मरीज आ रहे हैं। जनरल ओपीडी में डायरिया के रोजाना चार से पांच मरीज आ रहे हैं।
वायरल बुखार, खांसी-जुकाम के रोजाना 100 से 150 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इनमें मुख्य तौर पर बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। आम दिनों में ओपीडी में रोजाना 50 से 60 आते थे। नागरिक अस्पताल से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलबीर का कहना है कि बरसात के मौसम में पानी और खानपान से जुड़ी लापरवाही बीमारियों को बढ़ावा दे रही है। टाइफाइड और वायरल बुखार दूषित पानी, बासी भोजन और बदलते मौसम से अधिक फैल रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश आने पर मौसम में नमी और फिर अचानक गर्मी होने के कारण वायरल और टाइफाइड के मरीज बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लोगों को साफ-सफाई पर खास ध्यान देने की जरूरत है।
डॉ. कुलबीर ने लोगों को पानी को उबालकर पीने, बाहर का कटा-फटा या बासी खाना न खाने और मच्छरों से बचाव के लिए आसपास सफाई रखने की हिदायत भी दी है। उन्होंने कहा कि शुरुआती लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेना गंभीर स्थिति से बचाएगा।