ढाबा मालिक व कर्मचारी पर चाकू से हमला, दो गिरफ्तार
हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद, तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। अच्छेजा गांव के पास ढाबे पर खाना खाने के दौरान मालिक व कर्मचारी पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आए लोगों ने एक हमलावर को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि दो फरार हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि जीटी रोड पर गांव अच्छेजा के पास राजपाल का ढाबा है। मंगलवार की देर रात ढाबे पर गाजियाबाद के बम्हेटा गांव निवासी अमित कुमार, दुजाना निवासी अमित नागर व संजय नागर पहुंचे। उस समय ढाबे को बंद कर रहे थे। खाना खिलाने को कहने पर मालिक राजपाल व कर्मचारी खाना खिलाने लगे। सलाद काटने को लेकर गाली गलौज करने लगे। विरोध किया तो अमित नागर व अमित कुमार ने चाकू लेकर ढाबा कर्मचारी अमित के हाथ पर कई जगह प्रहार किए। शोर सुनकर आसपास के लोग आए तो हमलावर भागने लगे। लोगों ने हिम्मत कर एक हमलावर बम्हेटा गांव निवासी अमित कुमार को पकड़ लिया, दो मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। बुधवार को पुलिस ने हमलावर संजय को गिरफ्तार कर लिया। अमित कुमार व संजय दोनों को गिरफ्तार कर हमले में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में लगी है।