- 18015 ऑटो जिले में रजिस्टर्ड, नहीं वसूल सकेंगे अतिरिक्त किराया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सवारी को अब किराये के लिए झिक-झिक नहीं करनी पड़ेगी। सड़कों पर दौड़ने वाले दस हजार ऑटो में अब मीटर लगेंगे। मीटर में दर्शाए गए बिल का सवारी को भुगतान करना होगा। इससे कोई नोकझोंक की स्थिति नहीं बनेगी। न ही ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल सकेंगे। लगातार मिल रहीं शिकायतों के आधार पर निगम ने यह निर्णय लिया है।
जिले में 18 हजार ऑटो पंजीकृत हैं, इनमें से अब तक केवल आठ हजार ऑटो में ही मीटर लगाए गए हैं, बाकी ऑटो बिना मीटर के ही दौड़ रहे हैं। न तो संबंधित विभाग की ओर से इन पर कार्रवाई की जाती है, न ही चालक मीटर लगवा रहे हैं। मीटर न लगा होने से चालक मनमाना किराया भी वसूल रहे हैं। लेकिन चालक अब ऐसा नहीं कर पाएंगे। जिन ऑटो में मीटर नहीं लगा है उनमें भी मीटर लगाने का फैसला लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, विभाग ऑटो एसोसिएशंस को अपने ऑटो में मीटर लगवाने के लिए कहा गया है। तीन वर्ष पहले जिलाधिकारी ने सभी ऑटो में मीटर लगवाने के निर्देश दिए थे, लेकिन ऑटो चालकों ने किराया बढ़ाए जाने तक मीटर लगवाने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद संबंधित विभागों के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जब किराया बढ़ा दिया जाएगा उसके बाद सभी चालक ऑटो में मीटर लगवा लेंगे।
नहीं वसूला जाएगा अतिरिक्त किराया : नोएडा ऑटो रिक्शा चालक एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल बाबू ने बताया कि सभी ऑटो चालकों को मीटर लगवाने के लिए कह दिया गया है। चालकों ने मीटर भी लगवाना शुरू कर दिया है। इस बात का भी खास ख्याल रखा जा रहा है कि किसी भी यात्री से अतिरिक्त किराया न वसूला जाए।