ऑनलाइन दोस्ती के बाद निवेश का झांसा, बुजुर्ग से 27.50 लाख ठगे
- ऐप पर मुनाफा दिखाकर रकम फंसाई, निकासी के लिए 19 लाख रुपये और मांगे
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती को भरोसे में बदलकर साइबर ठगों ने 65 वर्षीय बुजुर्ग से 27.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि एक युवती ने उन्हें सोने-चांदी के ग्लोबल कारोबार में निवेश का झांसा दिया। उसकी बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने एक एप के माध्यम से अलग-अलग खातों में रकम भेजनी शुरू कर दी। एप पर मुनाफा दिखने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने 12 प्रतिशत कन्वर्जन चार्ज के नाम पर करीब 19 लाख रुपये और जमा करने को कहा। इसके बाद पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-121 स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले बुजुर्ग की दो महीने पहले इंटरनेट के जरिए निधि शर्मा नाम की युवती से बातचीत शुरू हुई थी। दोनों के बीच व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत होती थी। पीड़ित युवती से कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले थे। युवती ने उन्हें बताया कि वह एक एप के जरिए सोने और चांदी की ग्लोबल मार्केटिंग करती है। उसने निवेश पर बेहतर रिटर्न का भरोसा दिलाया।
पीड़ित ने 12 अगस्त को ऐप पर खाता खोलने के लिए 50 हजार रुपये जमा किए। इसके बाद युवती के कहने पर उन्होंने कुल 27.50 लाख रुपये जमा कर दिए। 25 अगस्त को पीड़ित ने ऐप से रकम निकालने की कोशिश की तो उन्हें बताया गया कि अभी केवल 15 ट्रांजैक्शन हुए हैं और निकासी के लिए 30 ट्रांजैक्शन पूरे करना जरूरी है। 3 सितंबर को ट्रांजैक्शन पूरे होने के बाद एप पर करीब 16.22 लाख रुपये का मुनाफा दिखाई दिया। रकम निकालने का प्रयास करने पर 12 प्रतिशत कन्वर्जन चार्ज के नाम पर करीब 19 लाख रुपये और मांगे गए। इसी दौरान उनकी यूजर आईडी का पासवर्ड भी बदल दिया गया। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज है और मामले की जांच की जा रही है।