कश्मीरी दोस्त को छोड़ने पहुंचे बीबीए छात्र को दो भाईयों ने पीटा
-फेज-2 थाना क्षेत्र स्थित सोसाइटी की घटना, पुलिस ने दोनों आरोपी गिरफ्तार किए
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-125 स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के बीबीए के छात्र को सेक्टर-110 स्थित लोटस पनाश सोसाइटी में पीटा गया। पीड़ित छात्र अपनी कश्मीरी दोस्त छात्रा को छोड़ने के लिए गया था। छात्रा भी इसी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करती है। पिटाई का आरोप दिल्ली के जाकिर नगर निवासी दो भाई कैफ और आकिब पर लगा है। शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह प्राथमिकी फरीदाबाद निवासी रिषी की शिकायत पर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह बीबीए का छात्र है। लोटस पनाश सोसाइटी में 28 फरवरी की रात 1 बजे दोस्त को छोड़ने गया था। वहां पर उसके साथ मारपीट की गई। थाना पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी भी उसी विश्वविद्यालय के छात्र हैं। थाना प्रभारी फेज-2 अवधेष प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई। आरोपी और पीड़ित एक ही यूनिवर्सिटी के छात्र हैं।