- चोरी के दस वाहन बरामद, कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने की कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-126 पुलिस ने दो पहिया वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे व निशानदेही से चोरी की 9 बाइक, एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डिबाई बुलंदशहर निवासी विकास कुमार व रोहित और नरसैना बुलंदशहर निवासी कुलदीप के रूप में हुई है। ये सभी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय रहकर वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और आवासीय क्षेत्रों के बाहर खड़े वाहनों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। गिरोह का सरगना विकास कुमार अवैध तमंचा और कारतूस रखता था। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर सेक्टर-131 नोएडा स्थित यमुना डूब क्षेत्र की घनी झाड़ियों से चोरी की गई बाइकें और स्कूटी बरामद की हैं।