ग्रेटर नोएडा। डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने सेंट्रल नोएडा जोन के सभी थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ गोष्ठी की। इसका उद्देश्य थानों की तकनीकी कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) की मासिक रैंकिंग में सुधार लाना है। उन्होंने सीसीटीएनएस के तहत होने वाले कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित मानकों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
डीसीपी ने सभी थानों का दैनिक डेटा नियमित रूप से सिंक्रोनाइज करने पर जोर दिया। साथ ही मेडिकल लीगल केस (एमएलसी) और पोस्टमार्टम रिपोर्ट (पीएमआर) की शत-प्रतिशत ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा। प्रवीन रंजन सिंह ने कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि सभी तकनीकी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। डेटा फीडिंग और सिंक्रोनाइजेशन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन रिकॉर्ड अपडेट करने से पुलिस की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।