- इको विलेज-1 सोसाइटी में शुल्क में बढ़ोतरी के विरोध में निवासियों ने किया प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के इको विलेज-1 सोसाइटी में कॉमन एरिया मेंटेनेंस शुल्क में बढ़ोतरी के विरोध में रविवार को भी बड़ी संख्या में निवासियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कॉमन एरिया मेंटेनेंस वृद्धि वापस लो और आर्थिक शोषण बंद करो जैसे नारे लगाए गए। निवासियों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
निवासी संजय शर्मा ने बताया कि सोसाइटी की फैसिलिटी मैनेजमेंट एजेंसी द्वारा कॉमन एरिया मेंटेनेंस शुल्क 2.36 रुपये प्रति वर्ग फुट से बढ़ाकर 3.25 रुपये प्रति वर्ग फुट किया गया है, जिसका निवासी लगातार विरोध कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में जिलाधिकारी, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, पुलिस प्रशासन, एपेक्स कमिटी और अन्य संबंधित विभागों को लिखित शिकायतें भेजी जा चुकी हैं। साथ ही बड़ी संख्या में निवासी ईमेल के माध्यम से भी अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत गठित एपेक्स कमिटी ने हाल ही में फैसिलिटी प्रबंधन को कॉमन एरिया मेंटेनेंस वृद्धि पर रोक लगाने और सात दिनों के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद बढ़ी हुई कॉमन एरिया मेंटेनेंस दरों की वसूली की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों के वित्तीय व्यय का विस्तृत और पारदर्शी लेखा-जोखा अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसे में बिना व्यापक सहमति के कॉमन एरिया मेंटेनेंस शुल्क में बढ़ोतरी करना सही नहीं है।