- ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा बनाए गए बारात घर बने शोपीस, सुधार की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। गांवों में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए बारात घर आज खुद मेहमानों के इंतजार में वीरान पड़े हैं। कहीं दीवारें जर्जर हो रही हैं तो कहीं ताले जंग खा रहे हैं। लोगों की जरूरत बनने के बजाय ये इमारतें बदहाली की मिसाल बन गई हैं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कई गांवों में बने बारात घर उपयोग के अभाव और रखरखाव न होने से खंडहर बनने की कगार पर हैं। बारात घरों की जरूरत के मुताबिक सुधार कराने की मांग को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने मुख्य कार्यपालक के नाम संबोधित पत्र ओएसडी गिरीश झा को सौंपा।
संगठन के संयोजक प्रवीण भारतीय ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के तहत आने वाले गांवों में बने बारात घरों का नियमित उपयोग न होने से जर्जर हालत में पहुंच गए हैं। ग्रेटर नोएडा के अटाई गांव में बारात घर की हालत खराब है। बारात घर में आज तक एक भी शादी समारोह व अन्य सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं हुआ है। इसी तरह से कई गांवों के बारात घर बदहाल हालत में हैं।
संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी से मांग की है कि सभी गांवों में बने बारात घरों का व्यापक सर्वे कराया जाए, उनकी उपयोगिता की समीक्षा की जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां स्थान, संरचना एवं सुविधाओं में आवश्यक सुधार कराए जाएं। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर जनसमस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।