- दो साल में करीब 84 लाख रुपये के नुकसान का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र स्थित निजी कंपनी के पूर्व परचेज मैनेजर पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए धन उगाही करने, रिश्वत लेने और धोखाधड़ी का आरोप लगा है। कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर अंकित भारद्वाज ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी हिमांशु त्यागी वर्ष 2014 से कंपनी की नोएडा यूनिट में परचेज मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। अप्रैल और मई महीने में कंपनी प्रबंधन को कई शिकायतें मिली जिनमें आरोप लगाया गया कि नोएडा यूनिट के खरीदारी आदेश पर तीन से चार प्रतिशत का कमीशन मांगा जाता था। कमीशन देने से इनकार करने वाले वेंडरों की सामग्री रिजेक्ट करने एवं ब्लैकलिस्ट करने की धमकी दी जाती थी।
इसके बाद कंपनी ने 27 मई को आंतरिक जांच शुरू की। इसमें आरोपी के सैलरी अकाउंट में वेतन से अधिक रकम आने की जानकारी मिली। इसके बाद 12 जून को आरोपी ने लिखित में कुछ वेंडरों से अनुचित लाभ देन के बदले कुल 1.25 लाख रुपये का लेन-देन स्वीकार किया। कंपनी की आंतरिक जांच में पिछले दो वर्षों के दौरान करीब 84 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। कंपनी का आरोप है कि वेंडरों से कथित रूप से वसूली गई रकम अलग-अलग व्यक्तिगत बैंक खातों के माध्यम से भेजी जाती रही। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।