बीमा कंपनी के हजारों ग्राहकों का डेटा लीक, सात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
- कॉल सेंटर के पूर्व कर्मचारियों पर गोपनीय जानकारी दूसरी बीमा कंपनी तक पहुंचाने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बजाज लाइफ इंश्योरेंस के हजारों ग्राहकों की निजी जानकारी लीक करने और दूसरी बीमा कंपनी के लिए इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। कंपनी की शिकायत पर नोएडा साइबर क्राइम थाने में सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें कॉल सेंटर कंपनी उसके पांच पूर्व कर्मचारी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक बजाज लाइफ ने अपने ग्राहकों से जुड़ी जानकारी लीड जनरेशन और बीमा बिक्री के लिए आईसीसीएस डिजएक्स लिमिटेड कंपनी को दी थी। इस डेटा में संभावित और मौजूदा पॉलिसीधारकों की निजी जानकारी शामिल थी। आरोप है कि आईसीसीएस के कुछ कर्मचारियों ने कंपनी की अनुमति के बिना ग्राहकों की जानकारी अपने पास रख ली और बाद में उसका इस्तेमाल किया। शिकायत के अनुसार, आईसीसीएस के पांच पूर्व कर्मचारी नौकरी छोड़ने के बाद जॉपर इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ गए। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने बजाज लाइफ के मौजूदा ग्राहकों से संपर्क करना शुरू किया और उन्हें दूसरी बीमा कंपनी के उत्पादों की जानकारी दी।
कंपनी का कहना है कि इन ग्राहकों की जानकारी आईसीसीएस को केवल बजाज लाइफ की ओर से लीड जनरेशन के लिए दी गई थी। नौकरी छोड़ने के बाद इस जानकारी को अपने पास रखने या इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी। एफआईआर में आईसीसीएस डिजएक्स लिमिटेड के अलावा अभिषेक बजाज, मोहम्मद मुस्तफा, वंशिका, विपिन कुमार, नजीर मोहम्मद और जॉपर इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड को आरोपी बनाया गया है। कंपनी ने पुलिस से ग्राहक डेटा की अनधिकृत पहुंच, उसे अपने पास रखने और दूसरी जगह इस्तेमाल किए जाने की पूरी जांच करने की मांग की है। मामले की जांच कर रहे अधिकारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के साथ अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
मोबाइल और कंप्यूटर की होगी फॉरेंसिक जांच : कंपनी ने पुलिस से आरोपियों के मोबाइल, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और संचार रिकॉर्ड की जांच कराने की मांग की है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि ग्राहकों का डेटा कहां से लिया गया, कितने लोगों तक पहुंचा और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।