- शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर 7.40 लाख रुपये ठगे
- आईजीएल बिल अपडेट करने के नाम पर 5.81 लाख रुपये ठगे
संवाद न्यूज एजेंसी।
नोेएडा। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश करने और आईजीएल का बिल अपडेट करने का झांसा देकर 13.21 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-61 स्थित सोसाइटी निवासी सुभाष चंद्र बघला ने पुलिस को बताया कि 6 मई 2025 को उनके पास अंजान नंबर से मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने का आश्वासन दिया। पीड़ित ने उसकी बातों में फंसकर 23 मई 2025 तक 7.40 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया तो आरोपी ने कई तरह के शुल्क बताकर रुपयों की मांग की। तब जाकर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने एनसीआरपी पर शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, ग्रेनो वेस्ट स्थित सोसाइटी निवासी यश अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि सात मई को उनकी मां के पास कथित आईजीएल अधिकारी ने कॉल की और उन्हें भुगतान के लिए बिल अपडेट करने के लिए कहा। इसके लिए आरोपी ने उन्हें एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा था। एप डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद कई ओटीपी साझा किए गए। बैंक से आए मैसेज के द्वारा पता चला कि उनकी मां के क्रेडिट कार्ड से 5.81 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि पीड़ितों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।