- ट्रैफिक कांस्टेबल से अभद्रता के आरोपों की एडीसीपी मनीषा सिंह कर रहीं जांच
-बेटे की कार के चालान की वजह से चर्चा में आए थाना प्रभारी का कानपुर तबादला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ट्रैफिक कांस्टेबल नकुल और नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के बीच विवाद की जांच 48 घंटे में भी पूरी नहीं हो पाई है। इधर, नंबर प्लेट छिपाकर कार चला रहे और चालान होने के बाद बेटे के पक्ष में मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर विनोद कुमार का तबादला कानपुर हो गया है।
अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकरण की जांच जारी है। मामले की जांच एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह कर रही हैं। बताया गया है कि घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। 16 नवंबर की शाम हेड कांस्टेबल नकुल सूरजपुर घंटा चौक पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान यामाहा तिराहे की तरफ से आई क्रेटा कार को रोकने का इशारा किया था। कार की आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेट ढकी थीं। चालक के बाहर नहीं आने पर यातायात नियमों के उल्लंघन में चालान किया गया। कार्रवाई से नाराज युवक ने अपने पिता इंस्पेक्टर विनोद कुमार को फोन किया था। आरोप है कि मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने कांस्टेबल से अभद्रता की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित भी हुआ था।
इधर चुनाव से पहले गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में हुए फेरबदल में नॉलेज पार्क कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का नाम पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर दिया गया था। ऐसे में 10 थाना प्रभारियों का गैर जनपद तबादला में उनका नाम भी शामिल किया गया है। ट्रैफिक कर्मी से अभद्रता और लाइन हाजिर किए जाने के प्रकरण के बाद तबादला की वजह से चर्चाएं भी बनी हुई हैं। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से जिले में तैनात इंस्पेक्टरों को चुनाव से पहले स्थानांतरण चुनाव आयोग के निर्देश पर किया गया है।
10 थाना प्रभारी गौतमबुद्धनगर से बाहर भेजे गए : तबादला सूची में सेंट्रल नोएडा जोन के बिसरख प्रभारी रणजीत सिंह, ईकोटेक-3 प्रभारी मुनेंद्र सिंह, सूरजपुर प्रभारी संजय कुमार सिंह और सेक्टर-142 प्रभारी संजय कुमार शामिल हैं। वहीं, ग्रेटर नोएडा जोन के बीटा-2 प्रभारी विनोद कुमार, नॉलेज पार्क प्रभारी विनोद कुमार, दादरी प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा, जारचा प्रभारी कैलाश नाथ, कासना प्रभारी पंकज शर्मा और दनकौर प्रभारी मनोज कुमार सिंह का भी तबादला हुआ है।