- महावीर प्लाजा में नियमों को ताक पर रखकर चल रहा था डब्ल्यूटीएफ द फिटनेस सेंटर
- दमकल की पांच गाड़ियों ने डेढ़ घंटे में पाया काबू, चेंजिंग रूम से आग लगने की आशंका
- धुएं में फंसे पांच लोगों को बीए सेट पहनकर दमकलकर्मियों ने किया रेस्क्यू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-1 स्थित महावीर प्लाजा की बिल्डिंग में नियमों और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर संचालित किए जा रहे जिम में बृहस्पतिवार सुबह भीषण आग लग गई। दूसरे तल पर संचालित डब्ल्यूटीएफ द फिटनेस सेंटर में आग लगते ही पूरी मंजिल धुएं से भर गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने जान जोखिम में डालकर पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
राहत की बात रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। वहीं आग बुझाने के दौरान धुआं बाहर निकालने के लिए जिम के शीशे तोड़ने पड़े। शीशा तोड़ने के प्रयास में सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे घायल हो गए। उनके हाथ में चोट आई और उपचार के दौरान तीन टांके लगाए गए। दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक प्राथमिक जांच में आग जिम के चेंजिंग रूम से शुरू होने की आशंका है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या फिर किसी व्यक्ति द्वारा सिगरेट पीने के बाद उसे ठीक से बुझाए बिना फेंकने से आग लगी। सुबह करीब 8 बजे आग की सूचना फायर विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बीए सेट पहनकर धुएं में घुसे दमकलकर्मी : दमकल के मुताबित जिम के अंदर धुआं इतना अधिक भर गया था कि सामान्य तरीके से अंदर जाना मुश्किल था। इसके बाद दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस (बीए सेट) पहनकर अंदर प्रवेश किया। टीम ने धुएं के बीच फंसे पांच लोगों को तलाशा और एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। धुआं बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई।
बिना एनओसी चल रहा था जिम : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिम संचालक ने न तो दमकल विभाग से फायर एनओसी ली थी और न ही जिला क्रीड़ा विभाग की अनुमति प्राप्त की थी। इसके बावजूद जिम का संचालन किया जा रहा था। आसपास के लोगों के मुताबिक जिम में अलग-अलग समय पर रोजाना करीब 100 से अधिक लोग व्यायाम करने पहुंचते हैं। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जिम के पास एनओसी नहीं है। प्रशासन की मदद से जिम को बंद कराने की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. परवेज अली, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी