- कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने 98 मोबाइल बरामद किए, मोबाइल व उसके पार्ट्स बेचते थे कबाडि़यों को
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने स्नैचिंग व चोरी करने वाले और चोरी के मोबाइल खरीदकर उनके पार्ट्स बेचने वाले आठ आरोपियों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है। ये लोग रैपिडो बाइक से रेकी कर मोबाइल छीनते थे। इनके पास से पुलिस ने 98 मोबाइल, 300 से अधिक मोबाइल के पार्ट्स बरामद किए हैं।
डीसीपी सेंट्रल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी के मोबाइल के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने और चोरी करने की वारदात करते थे, जबकि छह आरोपी उनसे सस्ते दाम पर मोबाइल खरीदकर उनके पार्ट्स निकालकर बेचते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 98 मोबाइल फोन, 100 डिस्प्ले, 207 बैटरियां, 40 मोबाइल बॉडी (खोखा), 103 बैक पैनल, 10 पेचकस और दिल्ली से चोरी की गई एक बाइक बरामद की है। पुलिस की टीम ने पहले सूचना के आधार पर ग्रीन बेल्ट सेक्टर-63 से अलीगंज एटा निवासी कुशल और हरदोई निवासी रूपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों की जानकारी से शाहजहांपुर के परौल निवासी निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन को गिरफ्तार किया। इनके ठिकानों से बड़ी संख्या में मोबाइल और उनके पार्ट्स बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के मोबाइल खरीदकर उन्हें खोल देते थे और डिस्प्ले, बैटरी, बैक पैनल समेत अन्य पार्ट्स अलग-अलग बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे।
जीरा व बिग बेचने की आड़ में करते थे चोरी : पूछताछ में आरोपी कुशल ने बताया कि वह रैपिडो बाइक चलाता था। इसी दौरान वह अपने साथी रूपेश उर्फ गोलू के साथ सुनसान स्थानों और व्यस्त सड़कों पर राहगीरों को निशाना बनाता था। मौका मिलते ही मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। वहीं अन्य आरोपी घर- घर जाकर जीरा व बिग बेचने व खरीदने का काम करते थे।