- गंग नहर पटरी मार्ग पर बांजरपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। ग्रेटर नोएडा से रोजी-रोटी कमाकर घर लौट रहे पति-पत्नी को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर होगा। गंग नहर पटरी मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को ऐसी टक्कर मारी कि दोनों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ एक हंसता-खेलता परिवार उजाड़ दिया, बल्कि तीन मासूम बच्चों के सिर से हमेशा के लिए माता-पिता का साया भी छीन लिया। अब उन बच्चों की मासूम आंखें अपने मां-बाप का इंतजार कभी पूरा नहीं कर पाएंगी।
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के चचूरा गांव निवासी हरिकेश (38) और उनकी पत्नी प्रियंका (32) ग्रेटर नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करते थे। बुधवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे गंग नहर पटरी मार्ग पर बांजरपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
कार के सामने आ गया था पशु : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के सामने अचानक एक पशु आ गया था। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार के कारण कार सीधे बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी बाइक समेत कई मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। रबूपुरा कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।