-27 मई को यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर वाहन ने स्कूटी में मार दी थी टक्कर
दनकौर (संवाद)। दनकौर थाना क्षेत्र में बीते दिनों सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई शिक्षिका की एक सप्ताह बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के भाई ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई है। कुछ दिन पहले भी चमोली मोड़ के पास जनगणना ड्यूटी पर जा रहे एक शिक्षक को वाहन ने टक्कर मार दी थी जिससे उनकी माैत हो गई थी।
गाजियाबाद निवासी संगीता रानी (45) दनकौर कस्बे के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। उनकी ड्यूटी जनगणना कार्य में लगी हुई थी। 27 मई को वह क्षेत्र की सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी में जनगणना का कार्य पूरा करने के बाद स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में संगीता रानी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। इस मामले में शिक्षिका के भाई प्रवीण कुमार ने अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि जल्दी ही आरोपी वाहन चालक की पहचान कर ली जाएगी।