संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने बताया कि हथीन में पांच करोड 82 लाख रुपये के बजट से शीघ्र ही खेल स्टेडियम का निर्माण शुरू होगा। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में फ्लड लाइट सहित अन्य सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने स्टेडियम निर्माण शुरू करने से फायर फाइटिंग की एनओसी भी ले ली है। इसके अलावा संशोधित इस्टीमेट भी राज्य मुख्यालय को भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनकी वार्ता हो चुकी है।
निर्माण के लिए बजट भी लोक निर्माण विभाग को आवंटित कर दिया गया है। सात एकड़ भूमि में अत्याधुनिक स्टेडियम का निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की आवासीय कॉलोनी निर्माण के लिए भी टेंडर जारी हो चुके हैं। शीघ्र ही आवासीय कॉलोनी का निर्माण पूरा कराया जाएगा।विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शीघ्र ही हथीन क्षेत्र का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री सैनी के सामने कोट बहीन में विश्वविद्यालय खोलने की मांग की जाएगी। विधायक ने बताया कि गहलब गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पीएचसी का निर्माण कराया जाएगा।