माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दुष्कर्म, जबरन गर्भपात और धोखाधड़ी के आरोपी समीर राठी की तीसरी जमानत अर्जी अदालत ने खारिज कर दी। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर 24 नोएडा में प्राथमिकी दर्ज है। अभियोजन के अनुसार पीड़िता जून 2022 में आरोपी के संपर्क में आई थी। आरोप है कि उसने खुद को हिंदू बताकर शादी का प्रस्ताव रखा था। 4 अगस्त 2022 को वह पीड़िता को सेक्टर 24 स्थित फ्लैट पर ले गया और चाय पिलाई, जिसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई। आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाए। पीड़िता के गर्भवती होने पर दिसंबर 2023 में जबरन गर्भपात कराया गया।
जनवरी 2025 में धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप है। पुलिस ने समीर राठी, सुहैल राठी, सैयद राठी उर्फ मोहम्मद सईद राठी और रूबीना परवीन के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया है। अभियोजन के अनुसार, आरोपी परिवार ने धोखाधड़ी के लिए हिंदू नाम-जाति का प्रयोग किया। अदालत ने पाया कि पहली और दूसरी जमानत अर्जियां पहले ही खारिज हो चुकी थीं। हाईकोर्ट में आपराधिक अपील लंबित होने के कारण अदालत ने तीसरी अर्जी पोषणीय नहीं मानी।