- केवाईसी पूरी होने में लग रहे दो से तीन दिन, रकम वापस आने के बाद भी निकासी नहीं कर पा रहे खाताधारक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पंजाब नेशनल बैंक की एच्छर गांव शाखा में खाताधारकों के साथ हुई करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में अब तक 27 खाताधारकों के 14 करोड़ रुपये से अधिक वापस किए जाने की जानकारी सामने आई है। बैंक की ओर से करीब 70 प्रतिशत खाताधारकों की रकम वापस करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि रकम खाते में वापस आने के बाद भी कई खाताधारक उसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। इसकी वजह केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) की प्रक्रिया पूरी होने में लग रहा समय है। खाताधारकों के मुताबिक केवाईसी पूरी होने में दो से तीन दिन का समय लग रहा है। ऐसे में उन्हें अपनी ही जमा पूंजी निकालने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
मंगलवार सुबह से शाम तक बैंक में ठगी के शिकार खाताधारकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बड़ी संख्या में लोग अपनी रकम की स्थिति जानने और बैंक अधिकारियों से बातचीत करने पहुंचे। इस दौरान बैंक परिसर में भीड़ लगी रही। खाताधारक अपनी जमा पूंजी जल्द वापस मिलने और निकासी की सुविधा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। शाम तक कई लोगों ने खाते में रुपये वापस आने पर राहत की सांस ली।
इससे पहले सोमवार को खाताधारकों और किसानों की ओर से बैंक में तालाबंदी और धरने की चेतावनी के बाद पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर कार्रवाई और रकम वापस कराने का आश्वासन दिया था। इसके बाद मंगलवार को बैंक में खाताधारकों और किसानों ने धरना नहीं दिया। हालांकि खाताधारकों का कहना है कि रकम वापस होने के साथ ही उस पर से निकासी संबंधी रोक भी जल्द हटाई जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े। बैंक की ओर से करीब 80 प्रतिशत खाताधारकों की रकम लौटाने का दावा किया जा रहा है।
खाताधारक ब्रिजेश भाटी का कहना है कि अबतक 70 प्रतिशत खाताधारकों के खाते पैसा वापस करने की बात बैंक की ओर से कही गई है। जल्द ही अन्य लोगों के पैसे वापस करने का आश्वासन मिला है।