-पिता बोले- शरीर पर लगी कई चोटों का रिपोर्ट में नहीं किया गया उल्लेख
-पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीसीपी को दिया प्रार्थना-पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग
-सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की डिजाइन आर्क सोसायटी में शनिवार को हुई थी घटना
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की डिजाइन आर्क सोसाइटी में 12वीं मंजिल से गिरकर 12 वर्षीय छात्र की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतक रणविजय ढाका के पिता तरुण कुमार ढाका ने बेटे की मौत को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मंगलवार को उन्होंने पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीसीपी सेंट्रल नोएडा को प्रार्थना-पत्र दिया और मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।
तरुण कुमार ढाका परिवार के साथ डिजाइन आर्क सोसाइटी के सी-टावर स्थित फ्लैट नंबर 306 में रहते हैं। शनिवार सुबह उनका 12 वर्षीय बेटा रणविजय घर से साइकिल लेकर पार्क में खेलने के लिए निकला था। इसके कुछ समय बाद वह ई-टावर की 12वीं मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें रणविजय लिफ्ट से निकलने के बाद मोबाइल चलाते हुए लॉबी में जाता दिखाई दे रहा है। पिता के अनुसार, बेटे ने सुबह करीब 7:40 बजे पार्क में खेलने जाने की बात कही थी। करीब नौ बजे उसके 12वीं मंजिल से गिरने की जानकारी मिली है। पिता का कहना है कि सोसायटी में लगे कुछ अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है। उनका दावा है कि इनमें रणविजय के हाथ में पानी की दो बोतलें दिखाई दे रही हैं, जबकि वह घर से निकलते समय खाली हाथ था। उन्होंने आशंका जताई कि कोई व्यक्ति पहले से 12वीं मंजिल पर मौजूद था और उसी ने उनके बेटे को वहां से धक्का दिया हो सकता है। वहीं डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि परिजन की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।