- गौड़ सिटी के फाइव एवेन्यू में पंखे से लटक मौत की घटना, पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
- प्रेम प्रसंग में युवती से कहासुनी के बाद आत्मघाती कदम उठाने की आशंका
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गौड़ सिटी के 5 एवेन्यू में सोमवार देर रात 26 वर्षीय युवक ने फ्लैट के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान हरियाणा के भिवानी निवासी निखिल (26) के रूप में हुई है। वह निजी कंपनी में काम करता था। निखिल अपने भाई, मामा-मौसी के बेटे और अन्य रिश्तेदारों के साथ गौड़ सिटी के 5 एवेन्यू के एफ टावर में रहता था। सोमवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। निखिल भी अपने कमरे में चला गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि निखिल का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। रात में वह अलग कमरे में मोबाइल फोन पर युवती से बातचीत कर रहा था।
इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है। रात करीब साढ़े तीन बजे निखिल के भाई की नींद खुली। उसने निखिल के कमरे की लाइट जलती देखी और अंदर जाकर देखा तो निखिल पंखे से फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग में युवती से विवाद के बाद युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह का कहना है कि परिजनों की ओर से अभी किसी के खिलाफ लिखित शिकायत नहीं दी गई है।