डिस्पैच के लिए निकले 482 कार्टन रास्ते से गायब, कर्मचारी पर शक- कोतवाली सेक्टर-63 में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 स्थित एक कंपनी से प्रेषण के लिए निकले 482 खाली गत्ते के कार्टन गंतव्य तक नहीं पहुंचे। कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक ने पैकेजिंग विभाग के इंचार्ज पर माल चोरी का संदेह जताया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कर्मचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। हरियाणा के पानीपत निवासी प्रवीण सिंह फैशन एलएलपी कंपनी में वरिष्ठ प्रबंधक और एचआर हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि एटा निवासी कौशल दीक्षित पैकेजिंग विभाग का इंचार्ज है। कौशल की जिम्मेदारी माल की पैकिंग और उसे संबंधित स्थान पर भेजने की है।
12 नवंबर को कौशल ने 482 खाली गत्ते के कार्टन भेजने के लिए चालान तैयार कराया था। इन्हें कंपनी की डी ब्लॉक शाखा से सेक्टर-65 स्थित बीआरवीएस एक्सपोर्ट पहुंचाया जाना था। आगरा मुंबई ट्रांसपोर्ट सर्विसेज से एक कंटेनर मंगाया गया था।
माल गायब होने की जांच : कार्टन लोड होने के बाद कौशल कंटेनर के साथ कंपनी से रवाना हुआ, पर माल निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। सेक्टर-65 शाखा के सिक्योरिटी सुपरवाइजर जीपी तिवारी ने बताया कि कौशल चालान लेकर पहुंचा था, लेकिन कार्टन की डिलीवरी नहीं हुई। कंपनी प्रबंधन ने कर्मचारी पर माल गायब करने का संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की। एसीपी दीक्षा सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।