शेयर ट्रेडिंग में दोगुने मुनाफे का झांसा, इंजीनियर समेत तीन से 1.53 करोड़ ठगे
- फर्जी एप में निवेश कराकर 1.35 करोड़ रुपये ऐंठे
-चालान और गैस बिल की एपीके फाइल से दो लोगों के खाते से निकाले 18 लाख
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शेयर बाजार में निवेश कर दोगुना मुनाफा कमाने का लालच और ट्रैफिक चालान व गैस बिल के नाम पर साइबर जालसाजों ने इंजीनियर समेत तीन लोगों को निशाना बनाकर करीब 1.53 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने एक इंजीनियर को फर्जी ट्रेडिंग एप के जरिये निवेश पर मोटा मुनाफा दिखाकर अपने जाल में फंसाया, जबकि दो अन्य लोगों के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर बैंक खातों से रकम निकाल ली। ठगी का पता चलने पर पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा निवासी युवक एक आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं। उन्हें शेयर बाजार में निवेश करने में रुचि है। आरोप है कि 10 सितंबर को साइबर ठगों ने इंटरनेट मीडिया के जरिये उनसे संपर्क किया और खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताया। आरोपियों ने निवेश की रकम दोगुनी करने का दावा किया और उन्हें एनएएम एएमसी एचएनडब्ल्यू नाम का एप डाउनलोड कराया। पंजीकरण के बाद नीरज से शुरुआत में छोटी-छोटी रकम निवेश कराई गई। खाते में मुनाफा दिखाने के साथ कुछ रकम बैंक खाते में ट्रांसफर कर विश्वास जीता गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में उनसे 1.35 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने जब रकम निकालने के लिए आवेदन किया तो आरोपियों ने टैक्स के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा। ऐसा नहीं करने पर खाता फ्रीज करने की चेतावनी दी गई। रकम जमा नहीं करने पर आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया।
फाइल डाउनलोड कराकर फोन किया हैक : ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी युवती के व्हाट्सएप पर साइबर ठगों ने यातायात चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजी। अनजाने में फाइल डाउनलोड करने के बाद उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। आरोप है कि 21 अक्टूबर को उनके बैंक खाते से आठ लाख रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर बैंक का संदेश आने के बाद उन्हें ठगी का पता चला। नोएडा के सेवानिवृत्त एयरफोर्स कर्मी को आरोपियों ने आईजीएल गैस बिल के नाम पर एपीके फाइल भेजी। फाइल डाउनलोड करने के बाद उनके बैंक खाते से 10 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि शिकायतों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच की जा रही है।
ऐसे बचें साइबर ठगी से
- शेयर ट्रेडिंग में दोगुने मुनाफे की गारंटी देने वाले दावों पर भरोसा न करें।
- व्हाट्सएप या एसएमएस से आई अनजान एपीके फाइल डाउनलोड न करें।
- चालान या गैस बिल की जांच संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या एप पर ही करें।
- निवेश से पहले कंपनी, एप और संबंधित वित्तीय संस्था की विश्वसनीयता जांचें।
- मोबाइल पर अनजान एप को एसएमएस, बैंकिंग या अन्य संवेदनशील अनुमतियां न दें।