फर्जी दस्तावेज तैयार कर 9 करोड़ की फर्जीवाड़ा करने वाला आरोपी गिरफ्तार
- साइबर थाने की टीम ने आरोपी को पकड़ा, इसके साथियों की तलाश जारी ्र
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बैंक की फर्जी एनओसी समेत अन्य कूट रचित दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने फर्जीवाड़ा कर 9 करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी की है। साइबर टीम इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पता लगा रही है।
एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल का कहना है कि दिल्ली निवासी अशोक कुमार ने व्यावसायिक प्रॉपर्टी खरीदने के लिए जीशान अली, विशाल गुप्ता, जहीर अहमद समेत अन्य लोगों से संपर्क किया था। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आरोपियों ने सेक्टर-6 में 796 वर्ग मीटर का प्लॉट दिखाया। इसे बेचने का सौदा मार्च 2023 में 12.50 करोड़ रुपये में तय हुआ। अशोक ने आरोपियों को करीब नौ करोड़ रुपये दे दिए। आरोपियों ने बैंक की फर्जी एनओसी अशोक को दे दी। इस एनओसी के आधार पर प्राधिकरण से टीएम भी करवा दिया गया। कुछ समय बाद जब प्रॉपर्टी पर नीलामी का नोटिस लगा देखा तो अशोक को फर्जीवाड़े की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की। कोतवाली फेज वन पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया और केस साइबर क्राइम थाने ट्रांसफर कर दिया। अब साइबर क्राइम थाने की टीम ने जांच के बाद धोखाधड़ी में शामिल सेक्टर-46 निवासी जीशान अली को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला कि फर्जीवाड़े की रकम में से 50 लाख रुपये जीशान को मिले थे।