- बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने 250 सीसीटीवी खंगालने के बाद आरोपी को पकड़ा
- गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज मिले, चाकू भी मिला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक शातिर चोर को शुक्रवार को लेबर गोल चक्कर के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सारमिन उर्फ शम्भू निवासी दादरी के रूप में हुई है। आरोपी बंद मकानों की रेकी करके वारदात को अंजाम देता था।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अभय कुमार मिश्र ने बताया आरोपी घूम-घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही सोने-चांदी के आभूषण चुरा लेता था। चोरी किए गए आभूषणों को दादरी और नोएडा में सस्ते दामों में बेचकर धन अर्जित करता था। पूछताछ में आरोपी ने बीटा-2 क्षेत्र में हुई कई वारदातें कबूल की हैं। करीब सात-आठ महीने पहले अल्फा-1 में उसने सोने-चांदी के आभूषण चुराए थे। आरोपी ज्यादातर अल्फा सेक्टर और सेक्टर-36 में बने मकानों को अपना निशाना बनाता था। एसीपी ग्रेटर नोएडा कृष्णपाल सिंह ने बताया कि आरोपी के पास करीब साढ़े सात तोला सोना और ढाई सो ग्राम चांदी बरामद की गई है।
250 कैमरों की फुटेज और सर्विलांस से खुला राज : कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की थी। टीम ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सर्विलांस की मदद ली। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर आरोपी को दबोच लिया गया। आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 और थाना सूरजपुर में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।