-अस्पताल में भर्ती महिला की स्थिति में आया सुधार, बच्चों की मौत के बाद गमगीन रहा माहौल
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। यमुना सिटी के रबूपुरा में खाना खाने के बाद हुई बच्चों की मौत के मामले में अभी मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पोस्टमार्टम में मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है, जिसके बाद 7 वर्षीय बच्ची का बिसरा सुरक्षित कर लैब जांच के लिए भेज दिया गया है। वहीं अस्पताल में भर्ती बच्चों की मां की हालत में मंगलवार को थोड़ा सुधार आया है, जिसके बाद परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली है।
रबूपुरा के शांतिनगर मुहल्ले निवसी अनिल तोमर की पत्नी रूबी की तबीयत रविवार को खराब हो गई थी। उनके साथ उनके बच्चों की तबीयत भी खराब हुई थी। जिन्हें इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को इलाज के दौरान 7 वर्षीय दीपांशी और 5 वर्षीय बेटा प्रशांत उर्फ प्रिंस की मौत हो गई थी। वहीं घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था और क्षेत्रीय पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने 7 वर्षीय प्रियांशी का पोस्टमार्टम कराया था, वहीं परिवार ने प्रिंस का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद सोमवार रात को ही दोनों बच्चों के शव को गांव में ही दफन कर दिया गया था। मंगलवार को दीपांशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट चिकित्सकों ने पुलिस विभाग को सौंपी है। जिसमें मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। बिसरा की लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
महिला की हालत में सुधार से परिवार को मिली राहत : दो बच्चों की मौत के बाद पूरा परिवार सोमवार से शोक में डूबा हुआ है। वहीं सोमवार को रूबी की हालत भी काफी ज्यादा खराब थी। मंगलवार शाम को जब उसकी हालत में थोड़ा सुधार आया तो परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि अभी चिकित्सीय टीम लगातार महिला की निगरानी कर रही है।
पूरे गांव में रहा दुख का माहौल : दो बच्चों की अचानक हुई मौत के बाद रबूपुरा कस्बे में चारों ओर ग्रामीणों में दुख का माहौल रहा। लोग अचानक हुई इस घटना से स्तब्ध थे और पूरे दिन बच्चों के परिवार में ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहा।
पोस्टमार्टम में बच्ची की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। बिसरा सुरक्षित किया गया है और जांच के लिए लैब में भेज दिया गया है। लैब रिपोर्ट आने के बार ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस की विवेचना जारी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सार्थक सेंगर, एसीपी, जेवर