ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र में तैनात संविदा सफाई कर्मचारियों ने बुधवार से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गेट नंबर दो पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। यह धरना कई कर्मचारी संगठनों के संयुक्त आह्वान पर किया जा रहा है। धरने को देखते हुए प्राधिकरण का मुख्य गेट भी बुधवार को बंद रहा।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के अध्यक्ष महेश ने बताया कि अप्रैल में प्रदेश सरकार ने सभी कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की है, लेकिन सफाई कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। सफाई कर्मचारियों के विभिन्न संगठन उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ, सीडी स्वच्छता कर्मचारी यूनियन, सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन और भारतीय मजदूर परिषद भी इस प्रदर्शन में शामिल हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों को ज्ञापन भी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर दिया गया। अधिकारियों से हालांकि इस मांग को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। इधर, नोएडा की तरह सफाई व्यवस्था भी ग्रेटर नोएडा में प्रभावित होने की आशंका बन रही है।