माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा के सेक्टर-35 स्थित संपत्ति के धोखाधड़ी और धमकी मामले में आरोपी अमित जॉनी की अग्रिम जमानत कोर्ट ने खारिज कर दी। वादी अमित पाठक ने 16 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पाठक ने वर्ष 2024 में अपनी सेक्टर-35 स्थित संपत्ति अमित जॉनी को लीज एग्रीमेंट पर किराए पर दी थी। 16 अगस्त 2026 को टर्मिनेशन नोटिस देकर संपत्ति खाली करने को कहा गया। जॉनी ने सहमति नहीं दी। उसने मनोज के साथ मिलकर संपत्ति के झूठे दस्तावेज तैयार किए। पाठक और उनके परिजनों को संपत्ति में घुसने से रोका गया तथा धमकी दी गई। लीज शर्तों का उल्लंघन और अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग के आरोप भी हैं।
आरोपी के अधिवक्ता ने कहा कि मूलरूप से मकान मालिक और किरायेदार के बीच कब्जे व उपयोग का दीवानी विवाद है। जिस पर सिविल वाद पहले से विचाराधीन है। वहीं अभियोजन ने कहा कि आरोपी पर सह-आरोपियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेजों को असली बताकर इस्तेमाल करने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप हैं। अदालत ने अपराध की प्रकृति और गंभीरता को देखते हुएअग्रिम जमानत का आधार पर्याप्त नहीं माना और अर्जी खारिज कर दी।