-इकोटेक-3 पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी दबोचा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने गारमेंट्स फैक्टरी में चोरी करने के आरोप में दो सुरक्षा गार्ड समेत 3 आरोपियों को सोमवार को देबू कंपनी से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरक्षा गार्ड फर्रुखाबाद निवासी आलोक कुमार (26), बिजनौर निवासी सारिक अहमद (28) और चोरी का सामान खरीदने वाले दिल्ली निवासी केशव प्रसाद (55) के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से फैक्टरी से चोरी की गई 363 टी-शर्ट बरामद हुई हैं।
उद्योग केंद्र-2 आर्या फैशन नामक फैक्टरी की संस्थापिका खुशबू सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22-23 अगस्त की रात फैक्टरी में तैनात नाइट गार्ड आलोक ने बड़ी मात्रा में टी-शर्ट और बैग चोरी कर लिए थे। गार्ड चोरी का सामान एक कार में भरकर मौके से फरार हो गया थे। पूरी घटना फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। वहीं कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार सिंह का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। दोनों सुरक्षा गार्ड फैक्टरी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात थे। उन्होंने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।