- घर में घुसकर मारपीट का आरोप, चाकू और लोहे की रॉड से हमला करने की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। फेज-2 थाना क्षेत्र के ककराला गांव में सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित ने छह नामजद और चार-पांच अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ककराला गांव निवासी सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके घर में मरम्मत का काम चल रहा है। जगह कम होने के कारण ईंट और सरिया गली में सड़क किनारे रखे हुए हैं। इसको लेकर पड़ोसी आस मोहम्मद और उनके परिवार के लोग आपत्ति जताते हैं और आए दिन धमकी देते रहते हैं। आरोप है कि 19 अक्तूबर की शाम करीब पांच बजे वह घर पर अकेले थे। तभी आस मोहम्मद के बेटे शाहरुख, आफताब और आरिफ समेत मोमिन, मोहसिन और चार-पांच अज्ञात लोग घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और चाकू से हमला कर दिया। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।