- बराैला निवासी शख्स से बेटे को रेप मामले में फंसाने का डर दिखाकर ऐंठ लिए 5 लाख
-शहर के तीन लोगों से 20 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी, प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने शुरू की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने तीन लोगों को अलग-अलग तरीकों से झांसा देकर करीब 20.50 लाख रुपये की ठगी की है। अपराधियों ने दुष्कर्म के मामले, शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफा और ऑनलाइन नियंत्रण का डर दिखाकर पीड़ितों को निशाना बनाया। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
बेटे को बचाने के नाम पर 5.20 लाख रुपये ठगे :
सेक्टर-49 के बरौला निवासी 62 वर्षीय राजवीर सिंह के पास अज्ञात नंबरों से फोन आए। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर धमकी दी और कहा, उनके बेटे को दुष्कर्म के मामले में पकड़ा गया है। बेटे को मामले से बचाने का दबाव बनाकर ठगों ने अलग-अलग खातों में 5.20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
शेयर बाजार के नाम पर 8.48 लाख की चपत :
सलारपुर निवासी सुभाष चंद्र यादव की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिये करन सिंह और आलोक नाम के व्यक्तियों से हुई। आरोपियों ने एक ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश का झांसा दिया। पीड़ित ने किस्तों में कुल 8.48 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने ऐप बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया।
3डिजिटल अरेस्ट कर ठगी : होशियारपुर निवासी सुरेश कुमार गुप्ता को ठगों ने फोन कर खुद को पुलिस अधिकारी बताकर झांसे में लिया। बैंक और यूपीआई की गोपनीय जानकारी हासिल करने के बाद उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया गया। इसके बाद उनके बैंक खाते से कुल 6.79 लाख रुपये एक दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए गए।