- एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी के निवासियों ने बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने पर की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी सोसाइटी के हजारों निवासियों ने क्षेत्र की लंबे समय से लंबित बुनियादी सुविधाओं को जल्द पूरा करने की मांग की है। लोगों ने 24 मीटर सड़क का निर्माण, खुले नाले को कवर करने, ग्रीन एरिया का विकास, अवैध अतिक्रमण हटाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है।
निवासियों का कहना है कि एआईएमएस ग्रीन एवेन्यू, एटीएस होमक्राफ्ट नोबिलिटी और गोल्फ होम्स को जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क करीब दो वर्षों से अधूरी पड़ी है। सड़क पर गड्ढे, धूल और निर्माण सामग्री के कारण लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात में हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। लोगों ने सड़क के साथ बेहतर जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और फुटपाथ बनाने की भी मांग की है। सोसायटी के सामने बने खुले नाले का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। निवासियों ने कहा कि नाले के आसपास झाड़ियां और जलभराव होने से मच्छर बढ़ गए है, वही सांप और अन्य जीवों का खतरा भी बना रहता है। इसी स्थान के पास स्कूल बस स्टॉप होने के कारण बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है। इसके साथ ही सोसाइटी के बाहर अवैध दुकानों, फूड स्टॉल और सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने की भी मांग की गई है। निवासियों का कहना है कि इससे यातायात प्रभावित होता है और गंदगी बढ़ती है।
सड़क के साथ स्ट्रीट लाइट और फुटपाथ जैसी सुविधाएं भी विकसित की जानी चाहिए।
रात में लाइट न जलने से राहगीरों को परेशानी होती है।
-तुषार शर्मा
-खुले नाले को ढका जाना चाहिए और आसपास की नियमित सफाई करनी चाहिए। ग्रीन एरिया विकसित होने से क्षेत्र का वातावरण बेहतर होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
-हरीश नेगी
- सोसाइटी के बाहर साफ-सुथरा और व्यवस्थित माहौल सभी के हित में है। नियमित सफाई और कचरा निस्तारण की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
-अजीम खान
- अतिक्रमण मुक्त सड़कें और बेहतर नागरिक सुविधाएं पूरे क्षेत्र की जरूरत हैं। उम्मीद है कि संबंधित विभाग प्राथमिकता के आधार पर इन कार्यों को जल्द पूरा करेगा। प्राधिकरण को इन समस्याओं को हल करने के लिए सात बार मेल किया लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं किया गया है।
-अरुण गर्ग