शेयर बाजार में अच्छे रिटर्न का लालच देकर बुजुर्ग से 8.23 लाख की साइबर ठगी
- साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने शेयर बाजार में कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से 8.23 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने व्हाट्स एप के जरिए संपर्क कर खुद को निवेश विशेषज्ञ बताया और आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाया। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-45 निवासी असीम चौधरी ने शिकायत में बताया कि जुलाई 2025 में उनके व्हाट्स एप पर कुछ लोगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने दावा किया कि वे शेयर बाजार में निवेश कर कम समय में कई गुना लाभ दिला सकते हैं। शुरुआत में उन्हें निवेश से जुड़े आकर्षक ऑफर और भरोसा दिलाने वाले संदेश भेजे गए, जिससे वह उनके झांसे में आ गए। शिकायतकर्ता ने 11 जुलाई से 19 जुलाई 2025 के बीच अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 8.23 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में जमा करा दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने निवेश की गई राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों से संपर्क न हो सका। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ।
पीडि़त ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खातों में मौजूद करीब 6.18 लाख रुपये होल्ड करा दिए। बाद में न्यायालय की अनुमति मिलने पर यह राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। हालांकि लगभग 2.05 लाख रुपये अब भी बरामद नहीं हो सके हैं। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि जिन खातों में रकम भेजी गई, उनकी जांच की जा रही है।