जब डीएम बनी लाभार्थी और दलाल ने मांगी रिश्वत-जिलाधिकारी ने एक वृद्धा की शिकायत पर स्वयं किया दलाल को फोन
-सूरजपुर कोतवाली में आरोपी पर केस दर्ज, पुलिस ने हिरासत में लिया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। हैलो, मैं कुलेसरा से बोल रही हू। मुझे वृद्धा पेंशन नहीं मिल रही है। आपका नंबर एक पेंशनार्थी लेने वाली महिला से मिला है। इतनी बात सुनकर फोन पर दूसरी तरफ से दलाल ने अपने आप को सर्वे-सर्वा बताया और काम कराने का दावा किया। साथ ही पैसा पूरा मांगा। यह सभी बातें रिकॉर्ड कर जिलाधिकारी ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दी है। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर शुरू की है।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में एक वृद्धा महिला पहुंची। जनता दर्शन में बुजुर्ग महिला ने शिकायत की कि उसे पेंशन नहीं मिल रही है। बार-बार चक्कर लगा रही है। अब एक दलाल पेंशन दिलाने का दावा कर रहा है और पैसे मांग रहा है। शिकायत सुनकर डीएम मेधा रूपम ने अपने एक कर्मचारी के मोबाइल से दलाल के पास फोन किया। करीब 4 मिनट तक डीएम ने एक लाभार्थी बनकर दलाल से बात की। डीएम मेधा रूपम ने बताया कि बुजुर्ग महिला ने शिकायत की थी। उसकी जांच की और कुलेसरा निवासी एक लाभार्थी बनकर दलाल के पास फोन किया। उसने काम कराने का दावा किया और कहा कि वो सब कुछ देख रहा है। विभाग उसके हिसाब से ही चलता है। वो पेंशन दिलवा देगा। पैसा पूछने पर बताया कि पूरा पैसा देना होगा, लेकिन पैसों का जिक्र साफ तौर पर नहीं किया। डीएम ने फोन में दलाल से हुई पूरी बात रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद सूरजपुर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। डीएम ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
किसी भी विभाग में इस तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कहीं पर इस तरह की समस्या है तो कंट्रोल रूम पर शिकायत कर सकते है। जल्द ही कंट्रोल रूम का नंबर जारी कर दिया जाएगा। -मेधा रूपम, जिलाधिकारी