दनकौर (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र के गांव अट्टा फतेहपुर में पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पत्नी समेत 7 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक का भाई इस मामले में न्यायालय की शरण में गया था। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी तौफीक ने बताया कि उसके भाई तौहीद व नफीस की शादी साल जुलाई 2025 में जिला बागपत के रटौल गांव निवासी गुलफसना व खुशबू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों बहनें अपने पतियों को मानसिक प्रताड़ित करने लगी थी। कुछ माह बाद ही दोनों मायके चली गई थी। मार्च 2026 को भाई तौहीद ने पत्नी से वीडियो कॉल पर बात की थी तो पत्नी व सास हसीना, ससुर तौसीफ, साले जैद व जुनैद, बहन खुशबू ने उसे आत्महत्या कर मरने के लिए उकसाया था। जिससे भाई तौहीद ने उसी दिन रात में आत्महत्या कर जान दे दी। मृतक के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि अंतिम संस्कार के अगले दिन आरोपियों ने अट्टा फतेहपुर आकर गहने भी चोरी कर लिए और चले गए थे। जिसके बाद पीड़ित ने स्थानीय पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नही हुई। इसके बाद अदालत में गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी मनोज चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर केस दर्ज कर लिया गया है।