-दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
-आग से आठ झोपड़ियां जलकर खाक, कोई जनहानि नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। चूहड़पुर खादर स्थित झुग्गियों में रविवार शाम करीब 5 बजे इलेक्ट्रिकल पोल से निकली चिंगारी से अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
जानकारी के अनुसार इकोटेक-1 कोतवाली स्थित चूहड़पुर खादर झुग्गियों में इलेक्ट्रिकल पोल से निकली चिंगारी से अचानक आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झोपड़ियां उसकी चपेट में आ गईं। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा था। जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुरुआती प्रयासों में आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इस घटना में कुल 8 झोपड़ियां जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि 30 झुग्गियों को समय रहते आग बुझाकर जलने से बचा लिया गया।
दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, क्योंकि झुग्गियां एक-दूसरे के बेहद करीब बनी हुई थीं और अंदर रखा सामान भी अत्यधिक ज्वलनशील था। इसके बावजूद टीम ने सूझबूझ और तेजी से काम करते हुए आग को आगे फैलने से रोक लिया।