-
-हरियाणा की सस्ती शराब मणिपुर में ऊंचे दामों पर बेचने की थी साजिश
-फर्जी बिल्टी और स्पेयर पार्ट्स के बिल के नाम पर चकमा देने की कोशिश
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को शारदा गोल चक्कर के पास एक ट्रक से अवैध शराब की 237 पेटियां पकड़ी हैं। शराब हरियाणा मार्का की थी और उसे ट्रक में लादकर मणिपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। आबकारी विभाग ने बताया कि फर्जी बिल्टी और स्पेयर पार्ट्स के बिल पर चकमा देकर लकड़ी के बॉक्स में शराब रखकर ले जा रहे थे। जब्त की गई शराब की कीमत करीब 35 लाख रुपये है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि शनिवार को पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। मौके से बाड़मेर राजस्थान निवासी लाखाराम (27) को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा से सस्ती कीमत पर शराब खरीदकर उसे उत्तर प्रदेश में अधिक दामों पर बेचने के लिए लाता था।
इस अवैध कारोबार को अंजाम देने के लिए वह बेहद शातिर तरीके अपनाता था। पुलिस, आरटीओ और आबकारी विभाग की निगरानी से बचने के लिए आरोपी फर्जी बिल्टी और स्पेयर पार्ट्स के बिल तैयार करता था। जिससे ट्रक में लदे माल को वैध दिखाया जा सके। इसी आड़ में वह बड़ी मात्रा में शराब की तस्करी करता था। बरामद ट्रक का इस्तेमाल शराब के परिवहन में किया जा रहा था। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी की कॉल डिटेल निकालवाकर उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी की जा रही है।
गिरोह के सदस्यों के बारे में की जा री जानकारी: बरामद शराब की मात्रा और कीमत को देखते हुए इसे बड़े स्तर की तस्करी का मामला माना जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। जिसके जरिए अलग-अलग राज्यों में अवैध शराब की सप्लाई की जाती है।