-नॉलेज पार्क पुलिस के मुताबिक दिसंबर 2025 से नहीं जा रहा था कॉलेज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। गुर्जरपुर के पास रेलवे ट्रैक पर शनिवार शाम मालगाड़ी की चपेट में आने से नामीबिया के छात्र की मौत हो गई। सूचना मिलने पर नॉलेज पार्क कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को एंबुलेंस की मदद से कासना स्थित जिम्स अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नामीबिया के दूतावास को घटना की सूचना दी है।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान पीटर टांगीनी तुतलानी पेंगु निवासी नामीबिया के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गुर्जरपुर में रह रहा था। पीटर एक निजी विश्वविद्यालय में बैचलर ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंस (बीएमएलएस) लैब टेक्नोलॉजी प्रथम वर्ष का छात्र था। पुलिस के मुताबिक वह दिसंबर 2025 से कॉलेज और कक्षाओं में नहीं जा रहा था। शनिवार शाम करीब सात बजे डेल्टा क्षेत्र से पुलिस को सूचना मिली कि गुर्जरपुर के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में मिले छात्र को तत्काल अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटना की जानकारी नामीबिया के दूतावास को दी है। दूतावास के अधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई कराई गई है। पुलिस की ओर से सभी पहलुओं पर मामले की जांच की जा रही है।