नौकरी का झांसा और ऑनलाइन बैंकिंग के जरिए दो लोगों से 14.70 लाख ठगे
- इंस्टाग्राम पर संपर्क कर महिला से लिए सात लाख
- इंटरनेट बैंकिंग के जरिये दूसरे पीड़ित को 7.70 लाख रुपये का लगा चूना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने अलग-अलग तरीके अपनाकर दो लोगों से कुल 14.70 लाख रुपये ठग लिए। एक मामले में आरोपियों ने नौकरी दिलाने का भरोसा देकर महिला से सात लाख रुपये ऐंठ लिए, जबकि दूसरे मामले में इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से 7.70 लाख रुपये की ठगी की गई। दोनों मामलों में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-61 निवासी महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि कुछ लोगों ने इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के माध्यम से उनसे संपर्क किया था। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद नौकरी से जुड़ी अलग-अलग प्रक्रिया और शुल्क के नाम पर उनसे ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कराई गई। पीड़िता के अनुसार, 21 और 22 अगस्त 2026 के बीच आरोपियों ने उनसे कुल सात लाख रुपये ले लिए। रकम मिलने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही पैसे लौटाए गए। जब आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो कुछ समय बाद उन्होंने संपर्क करना बंद कर दिया।
दूसरे मामले में सेक्टर-94 निवासी शख्स ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत के मुताबिक इस घटना में उन्हें 7.70 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों में रकम के लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही है।