- सेक्टर-62 स्थित पीएमओ अपार्टमेंट निवासी के साथ हुई वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर एक शख्स से 1.29 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-62 स्थित पीएमओ अपार्टमेंट निवासी राजुल गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास एसबीआई का क्रेडिट कार्ड है, जिसका वह पिछले करीब 12 वर्षों से उपयोग कर रहे हैं। 11 जुलाई को उनके पास एक महिला का फोन आया, जिसने अपना नाम रानी बीबी बताया। उसने पीएनबी बैंक के नाम पर नया क्रेडिट कार्ड जारी करने और केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप के माध्यम से एक लिंक भेजा और एक मोबाइल ऐप डाउनलोड कराया। एप डाउनलोड कराने के बाद आरोपी ने एसबीआई क्रेडिट कार्ड की पूरी जानकारी और ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद ठगों ने पांच अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1,29,841 रुपये निकाल लिए। घटना का पता चलते ही पीड़ित ने एक घंटे के भीतर एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में मोबाइल फोन रीसेट करने के कारण कॉल का विवरण भी हट गया। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।