नोएडा (संवाद)। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के पीछे पार्क के पास से एक युवक को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पिछले महीने सेक्टर-19 में दो गाड़ियों के टायर चोरी कर कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की है। उसके पास से 3050 रुपये भी बरामद हुए हैं, जिन्हें टायर बेचकर मिलने की रकम बताया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान करीब 34 वर्षीय अरुण के रूप में हुई। वह सेक्टर-44 के छलेरा गांव में किराये पर रहता है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
सट्टा खिलाते एक गिरफ्तार, साथी फरार
नोएडा (संवाद)।
फेज-1 थाना क्षेत्र में सेक्टर-4 और सेक्टर-9 के बीच सब्जी मंडी रोड पर सट्टा खिलाते हुए पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से 220 रुपये, सट्टे के नंबर लिखी पर्ची और पेन बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान बिहार के भोजपुर निवासी अजय (32) के रूप में हुई है। वह फिलहाल हरौला के सेक्टर-5 में किराये के मकान में रह रहा था। फेज-1 थाना पुलिस धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।
सेक्टर-9 में दो भाइयों को पीटा, सिर में आई चोट
नोएडा (संवाद)।
फेज-1 थाना क्षेत्र की सेक्टर-9 स्थित जेजे कॉलोनी में पड़ोसियों ने दो भाइयों के साथ मारपीट की। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर चार लोगों ने दोनों भाइयों को पीटा। भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जेजे कॉलोनी निवासी असगर अंसारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब साढ़े दस बजे उनके बड़े भाई वाहिद अंसारी (35) और छोटे भाई मोमीन अख्तर अंसारी (22) एफ-33 के पास गली में मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विशाल, विवेक, सूरज और शंकर ने दोनों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट कर दी। थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही हैै।