संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे(केजीपी) पर हुए सड़क हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कार में मौजूद अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कैंटर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के कारण हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर रविवार को अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बुलंदशहर के बीबी नगर थाना क्षेत्र स्थित निसुरखा गांव निवासी दिनेश कुमार शर्मा ने तहरीर देकर बताया कि भाई अनिल कुमार शर्मा (50) दिल्ली में रहकर ट्रक चालक का काम करता था। बीते बृहस्पतिवार को अनिल अपने दोस्त रवि प्रकाश और उसकी बेटी के साथ कार से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते घर लौट रहा था। दनकौर क्षेत्र में स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास आगे चल रहे कैंटर चालक ने अचानक लापरवाही से ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही कार अनियंत्रित होकर कैंटर से जा टकराई। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर आरोपी चालक मौके से गाड़ी को छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान शुक्रवार को अनिल कुमार शर्मा की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। कोतवाली प्रभारी मनोज चौहान का कहना है कि अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।